ऊना के मेन बाजार में महिला पर्स से सजी दुकान। संवाद
ऊना। बदलते फैशन ट्रेंड के बीच ऊना में महिलाओं की पसंद भी बदल रही है। इन दिनों छोटे हैंड पर्स की मांग तेजी से बढ़ी है। रोजमर्रा की जरूरतों और हल्के वजन के कारण महिलाएं छोटे पर्स खरीदना अधिक पसंद कर रही हैं जबकि लंबी दूरी की यात्रा और ज्यादा सामान रखने के लिए बड़े पर्स व हैंडबैग की मांग बनी हुई है। छोटे और मिनी हैंडबैग का ट्रेंड भी लगातार लोकप्रिय हो रहा है। बाजार के कारोबारियों के अनुसार, 400 से 1000 रुपये की कीमत वाले हैंड पर्स सबसे अधिक बिक रहे हैं। कुल बिक्री में इनकी हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत है। वहीं 1000 से 1500 रुपये की कीमत वाले पर्स की बिक्री करीब 20 प्रतिशत है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अब डिजाइन, गुणवत्ता और उपयोगिता को ध्यान में रखकर खरीदारी कर रहे हैं, जिससे छोटे और स्टाइलिश हैंड पर्स की मांग लगातार बढ़ रही है।
छोटे हैंड पर्स रोजमर्रा के कामों के लिए काफी सुविधाजनक होते हैं। इनमें मोबाइल फोन, पैसे, एटीएम कार्ड और जरूरी सामान आसानी से रखा जा सकता है। साथ ही इन्हें संभालना भी आसान होता है।
-रीना शर्मा, गृहिणी
यदि परिवार के साथ लंबी यात्रा पर जाना हो तो बड़ा पर्स अधिक उपयोगी साबित होता है। इसमें बच्चों का सामान, दवाइयां, पानी की बोतल और अन्य आवश्यक वस्तुएं आसानी से रखी जा सकती हैं। इसलिए सफर के दौरान वह हमेशा बड़े पर्स का ही इस्तेमाल करती हैं।
-पूजा ठाकुर, गृहिणी