नौ से 17 अप्रैल तक चलेंगे नवरात्र
लाखों श्रद्धालु लेंगे मां का आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में मंगलवार यानी आज से चैत्र नवरात्र मेले शुरू हो रहा हैं। मेले के उपलक्ष्य में मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। नवरात्र में मंदिर प्रशासन ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं को तीन स्थानों एमआरसी पार्किंग, शंभू बैरियर और बाबा श्री माईदास सदन पर मंदिर दर्शन करने के लिए पर्ची दी जाएगी। चैत्र नवरात्र नौ से 17 अप्रैल तक चलेंगे। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा गया है।
नवरात्र के दौरान 450 पुलिस और होमगार्ड के जवान मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगे। वहीं सुगम दर्शन पास प्रणाली से भी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर सकेंगे। नवरात्र के दौरान मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिक से अधिक समय के लिए खुले रहेंगे। केवल मंदिर में सफाई करने के लिए रात को आधे से एक घंटे के लिए बंद रखा जाएगा। श्रद्धालुओं को दो कतारों में लगकर ही दर्शन करने की अनुमति होगी। पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंदर छिंदा ने चैत्र नवरात्र को लेकर सभी भक्तजनों को शुभकामनाएं दी हैं। एसडीएम अंब विवेक महाजन ने बताया कि नवरात्र नौ अप्रैल से शुरू हो रहे हैं। इसको लेकर सभी प्रबंध कर लिए गए हैं।
कानपुर के श्रद्धालु ने सजाया मां का दरबार
शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर को चैत्र नवरात्रों के उपलक्ष्य में रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। नवरात्र में लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचते हैं। इस बार मंदिर की सजावट का कार्य राजस्थान के कानपुर से माता रानी के भक्त तिलक शर्मा की ओर से करवाया गया। मंदिर की सजावट में किए गए इस्तेमाल फूल देश और विदेश से मंगवाए गए हैं। इन फूलों से मंदिर के प्रवेश द्वार, गर्भ गृह सहित और मंदिर परिसर को बड़े ही आकर्षक तरीके से सजाया गया है। मंदिर के प्रवेश द्वार पर फूलों की सजावट से शुभ नवरात्रे लिखा गया है। गर्भ गृह के ऊपर माता रानी की पिंडी की फोटो फूलों से सुसज्जित की गई है।