दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत डंगोह खास में एक बीपीएल परिवार से संबंधित व्यक्ति का स्लेटनुमा रिहायशी मकान गिर गया है। इससे पीड़ित परिवार को सिर छिपाने के लाले पड़ गए हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार को हुई बारिश से डंगोह खास के अंतर्गत वार्ड नंबर एक डयूंगला में अमन बीबी एवं तुफैल मोहम्मद का रिहायशी मकान गिर गया। मकान में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पीड़ित परिवार को बरसात में सिर छिपाने की छत भी नहीं बची है। जबकि जरूरी सामान भी मलबे में दब गया है। नुकसान का जायजा लेने पहुंची ग्राम पंचायत प्रधान अनीता ठाकुर ने बताया कि अमन बीबी एवम तुफैल मोहम्मद बीपीएल परिवार से संबंधित है। उन्होंने बताया कि मकान गिरने के बारे राजस्व विभाग को सूचित कर दिया है, ताकि नुकसान रिपोर्ट तैयार करके पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जा सके। उधर, विधायक राकेश कालिया ने मकान गिरने की सूचना मिलते ही अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नुकसान का जायजा लेकर पीड़ित परिवार को शीघ्र यथोचित सहायता प्रदान की जाये।