खरड़ की सोसायटी में पार्टी के दौरान चलाई थी गोली, बीसीए के छात्र की गई थी जान
अदालत ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। मोहाली के खरड़ इलाके में बीसीए छात्र शिवांग राणा की हत्या के मामले में पुलिस ने छह दिन की खोजबीन के बाद आरोपी हरविंदर उर्फ हैरी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वारदात दो दोस्तों के बीच शराब के नशे में हुई कहासुनी से शुरू हुई, जो देखते-ही-देखते गोलीकांड में बदल गई। खरड़ थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब हत्या की पृष्ठभूमि और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी पर जोर दे रही है। आरोपी हरविंदर उर्फ हैरी जिला मुख्यालय ऊना के साथ लगते गांव बरनोह का निवासी है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना चार अक्तूबर तड़के की है, जब विला प्लाजियो सोसायटी (खानपुर) में कुछ युवक पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान हरविंदर उर्फ हैरी ने पिस्तौल निकालकर अपने दोस्त शिवांग राणा (23) पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक शिवांग राणा हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना का रहने वाला था और सरकारी कॉलेज ऊना में बीसीए का छात्र था। वह हाल ही में खरड़ में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम जॉब कर रहा था। वारदात के बाद आरोपी हरविंदर उर्फ हैरी मौके से भाग गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया और तकनीकी निगरानी के साथ पंजाब-हिमाचल सीमा पर दबिश दी। अंततः छह दिन की तलाश के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और नशे की हालत में हैरी ने गोली चला दी। हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश की जा रही है और जांच जारी है। शिवांग की मौत की खबर से ऊना और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। कॉलेज के सहपाठी और शिक्षक गहरे सदमे में हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गोलीकांड में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं और हथियार कैसे आरोपी के पास आया।