अंब (ऊना)। पुलिस ने अंब चौक के समीप स्थित एक दुकान पर दबिश देकर 5.90 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दुकान संचालक को रंगे हाथों पकड़कर हिरासत में ले लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद थाना प्रभारी विपिन शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अंब चौक के निकट स्थित एक दुकान में नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त की जा रही है। तलाशी अभियान के दौरान हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को नियमानुसार अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया और दुकान संचालक नरेश कुमार को तुरंत हिरासत में ले लिया। मामले की पुष्टि डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने की है।