ऊना। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा सहित आसपास के गांवों को सीवरेज योजना का लाभ जल्द मिल सकता है। बशर्ते अगर सरकार इसके लिए केवल 10 प्रतिशत रुके कार्य को पूरा करने के लिए 2.50 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान कर दे।
योजना पर जल शक्ति विभाग ने 12 करोड़ रुपये की राशि खर्च की है, जबकि अतिरिक्त रूप से अब बचे कार्यों के लिए और राशि की जरूरत है, जिसे विभाग ने उच्च विभाग के माध्यम से सरकार के समक्ष रखा है। फिलहाल विभाग राशि आने की उम्मीद के साथ अगले छह माह में पूरा करने की योजना बनाए बैठा है। योजना सिरे चढ़ने से ऊना के बाद बंगाणा मुख्यालय दूसरा क्षेत्र होगा, यहां सीवरेज योजना धरातल पर फलीभूत हुई है। फिलहाल योजना में विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से संबंधित कार्य के लिए राशि जमा होनी है। साथ ही अन्य छुटपुट कार्यों के लिए भी राशि की जरूरत है। योजना में बंगाणा के साथ-साथ धुंधला क्षेत्रवासियों को करीब 700 कनेक्शन वितरित होंगे। इससे पंचायतों को खुले में शोचमुक्त होने में भी मदद मिलेगी। मल शोधन के लिए जल शक्ति विभाग बंगाणा की ओर से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को धुंधला के पास एक खड्ड में निर्मित किया गया है। इसमें अभी विद्युत संबंधित कार्यों का होना लंबित है। इस राशि के मिलने पर जल शक्ति विभाग बंगाणा की ओर से लोगों को कनेक्शन देकर योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
-
विधानसभा में भी इस संबंध में प्रश्न लगाया था। इसमें विभाग से हो चुके कार्य की कुछ डिटेल भी मांगी गई है। वर्ष 2020 से योजना लंबित है। फिर भी इसे पूरा कराने के लिए सरकार से जल्द राशि जारी करने की मांग रखी गई है।
-विवेक शर्मा, विधायक, कुटलैहड़ विस