जय बाबा नैना आदर्श क्रिकेट क्लब करवा रहा तीन दिवसीय आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरोली (ऊना)। हरोली क्षेत्र के गांव कांगड़ स्थित खेल मैदान में जय बाबा नैना आदर्श क्रिकेट क्लब की ओर से शुक्रवार से तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू हुआ। प्रतियोगिता में जिला ऊना सहित पंजाब की 40 टीमों के खिलाड़ी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन कुलदीप-11, ठठ्ल क्लब, टटेड़ा, बसोली, नागरा होशियारपुर, ललड़ी, बीनेवाल, होशियारपुर, नंगल कलां, कर्मपुर, कुठेड़ा जसवाला सहित अन्य टीमों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कांगड़ गांव के सेवानिवृत्त सैनिक विक्की फौजी व महेश कुमार एचआर मैनेजर दीपक फास्टनर्स लिमिटेड टाहलीवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर किया। विक्की फौजी ने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग व नई पीढ़ी को नशे से सुरक्षित रखना समाज के वुद्धिजीवी वर्ग के लिए एक चुनौती बन गया है। हालांकि कुछ खेल प्रेमियों द्वारा समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, परंतु इसके बाद भी युवा पीढ़ी नशे के प्रभाव से खुद को बचा नहीं पा रही है। इसलिए हम सभी को युवा वर्ग को नशे की चपेट में आने से बचाना होगा। एचआर मैनेजर महेश कुमार ने प्रदेश सरकार से अनुरोध किया कि युवा वर्ग को खेलों से जोड़ने के लिए अधिक से अधिक खेल मैदानों का निर्माण करवाएं।
इस अवसर पर लतेश लाली ने कहा कि कांगड़ क्रिकेट आदर्श क्लब युवाओं को क्रिकेट से जोड़ने के लिए पूरा सहयोग कर रहा है। इस अवसर पर अमन भारद्वाज, मक्खन, काट्ठा, अश्विनी कुमार, सोनू भारद्वाज, रूही चौधरी, अमन, सलीम आदि मौजूद रहे। संवाद