धर्मशाला में 26 से 28 अक्तूबर तक होंगी अंडर-19 खेल प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। कांगड़ा जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मशाला में 26 से 28 अक्तूबर तक होने वाली अंडर-19 छात्र-छात्राओं की राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए ऊना जिले के सात अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस संबंध में उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (सेकेंडरी) ऊना की ओर से 23 अक्तूबर को कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं।
आदेश के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बढेड़ा राजपूतां के सतीश कुमार को कंटिंजेंट मैनेजर, तलमेहड़ा स्कूल के रजनीश कुमार को सहायक कंटिंजेंट मैनेजर और कलोह स्कूल के अजय कुमार को परेड कमांडर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पंजावर स्कूल के मनोज कुमार को कार्यालय कार्य और बट्ट कलां के संजीव कुमार, सनोली की सुखविंदर कौर और नंगल कलां की सीमा पाठक को एथलेटिक्स संबंधी जिम्मेदारी दी गई हैं।
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल तक्खी ने बताया कि सभी अधिकारियों को 25 अक्तूबर को सुबह 10 बजे ऊना के इंदिरा स्टेडियम में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित स्कूलों के प्रमुखों को अधिकारियों को समय पर कार्यमुक्त करने के लिए कहा गया है, ताकि वे निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी के लिए पहुंच सकें।