संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सूरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला जुबेहड़, सूरी के हेडमास्टर अश्वनी कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सोमा देवी, कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार, एसएमसी अध्यक्ष चैन सिंह, सभी एसएमसी सदस्य एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित थे। विशेष शिविर के लिए सूरी गांव को चयनित किया गया है। जहां आगामी सात दिन तक ग्रामीण विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सेवा से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि इस शिविर में कुल 18 स्वयंसेवी भाग ले रहे हैं। मुख्य अतिथि अश्वनी कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे शिविर युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सेवा भावना को प्रेरित करते हैं और इससे उनका व्यक्तित्व निखरता है।