बंगाणा (ऊना)। उपमंडल अधिकारी बंगाणा सोनू गोयल के नेतृत्व में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की टीम ने शुक्रवार देर शाम तथा शनिवार को गैस एजेंसी बंगाणा तथा बाजार में होटल, ढाबा एवं रेस्तरां का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गैस एजेंसी प्रभारी को निर्देश दिए कि एजेंसी में 14.2 एवं 19 किलोग्राम गैस सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए तथा इंडियन ऑयल कंपनी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपभोक्ताओं की बुकिंग के आधार पर समय पर गैस आपूर्ति की जाए। साथ ही बंगाणा उपमंडल के लिए निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार नियमित आपूर्ति बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप व्यावसायिक गैस सिलिंडर ही उपलब्ध करवाने और उनका उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
एसडीएम सोनू गोयल ने आम उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने उपभोक्ताओं से केवल आवश्यकता के अनुसार गैस बुकिंग करने तथा अनावश्यक रूप से गैस एजेंसी में भीड़ या कतारें न लगाने का आग्रह किया। गैस बुकिंग के लिए इंडियन ऑयल कंपनी एवं गैस एजेंसी द्वारा जारी दूरभाष नंबर 8454955555, 7588888824, 8927225667, 931990170, 7718955555, 8655679555 का उपयोग करने की सलाह दी गई। निरीक्षण के दौरान होटल, ढाबा एवं रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने कार्यों में केवल व्यावसायिक गैस सिलिंडरों का ही उपयोग करें।