हरोली क्षेत्र के तहत गांव ओजले में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में जीप सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है, जहां घायलों का उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हलेड़ा की ओर से एक स्कॉपियो गाड़ी ओजले की ओर आ रही थी कि इसी बीच अचानक जीप के आगे नील गाय आ गई। नीलगाय आने से जीप चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और जीप सड़क किनारे जामुन के पेड़ से जा टकराई। हादसे में जीप सवार गुरप्रीत (24) एवं अमन (13) निवासी ओजले को गंभीर चोटें पहुंचीं।
घायलों को 108 रोगी वाहन कर्मियों ईएमटी विनोद और पायलट प्रदीप की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पीड़ितों का उपचार जारी है। सीएमओ डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि पीड़ितों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले के संदर्भ में छानबीन कर रही है।