ऊना। सदर थाना क्षेत्र के तहत बसाल पुल के पास हरियाणा रोडवेज की बस और स्कूटी की टक्कर में दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने बस चालक की शिकायत पर स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के रेवाड़ी जिले के मालहिड़ा निवासी पोहप सिंह, जो हरियाणा रोडवेज में चालक हैं, 29 जुलाई की रात धर्मशाला से बल्लभगढ़ (फरीदाबाद) के लिए बस लेकर जा रहे थे। रात करीब 10:05 बजे जब उनकी बस बसाल पुल स्थित बाबा रुद्रानंद गेट के सामने पहुंची तो एक स्कूटी चालक सड़क पार करने के बाद अचानक लापरवाही से स्कूटी को पीछे की ओर मोड़ने लगा। इसी दौरान स्कूटी बस से टकरा गई।
हादसे में स्कूटी चालक सुमित कुमार निवासी रायपुर सहोड़ा, जिला ऊना और उसके पीछे बैठा युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।