ललड़ी विद्यालय के वार्षिक समारोह में पहुंचे उपमुख्यमंत्री
कहा, विकास के हर मोर्चे पर बदली हरोली की तस्वीर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ललड़ी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने अकादमिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। उपमुख्यमंत्री ने डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री ने स्कूल में 1.30 करोड़ रुपये की लागत की विज्ञान प्रयोगशाला के शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के साथ इसे विद्यालय को सौंपने से संबंधित औपचारिकताएं अविलंब पूर्ण करने के निर्देश दिए। कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और स्कूल प्रधानाचार्य आपसी समन्वय से इस विषय का शीघ्र समाधान करें, ताकि भवन का उपयोग जल्द से जल्द विद्यार्थियों के हित में हो सके।
ललड़ी में गुरु रविदास के मंदिर निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ईसपुर में 6.50 करोड़ रुपये की लागत से शीतला माता मंदिर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। भदसाली में गुरु रविदास के मंदिर के लिए 75 लाख और सलोह में 25 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं। बीटन कुटिया और सिद्ध बाबा जलंधरी मंदिर के लिए भी 25-25 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। श्री गिड़गिड़ा साहिब में ट्यूबवेल तथा अमराली में श्री राधा स्वामी सत्संग भवन के लिए पानी के टैंक निर्माण के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से शिक्षकों के सम्मान का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन से ही जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने समाज से बच्चों को नशे से दूर रखने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानाचार्य रिपुजीत सिंह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नशा-निवारण गतिविधियों की जानकारी दी।