ऊना। जिले में वीरवार को सरकारी और निजी स्कूलों के खुलने के समय में दोबारा बदलाव कर दिया गया है। स्कूल अब सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक संचालित होंगे। बीते दिनों क्षेत्र में अत्यधिक सर्दी होने के कारण स्कूल के खुलने का समय 10 बजे कर दिया गया था। यह बदलाव 31 जनवरी तक किया गया था। इसके बाद एक फरवरी के दोबारा समयसारिणी पुरानी स्थिति में तब्दील कर दी गई है।
जिले के शिक्षण संगठनों ने स्कूलों के खुलने का समय फिलहाल सुबह 10 बजे ही रखने की मांग उठाई। जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा, महासचिव सत्येंद्र मिन्हास सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि अभी क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप जारी है। ऐसे में बच्चों को सुबह के समय स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि अभी 15 फरवरी तक स्कूलों के समय को लेकर किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाना चाहिए। उसके बाद मौसम में बदलाव आ जाएगा और सुबह नौ बजे भी स्कूल आने में विद्यार्थियों को परेशानी नहीं होगी।
बारिश के बीच स्कूल पहुंचना बना चुनौती
जिले में वीरवार को बारिश के बीच विद्यार्थियों के लिए स्कूल पहुंचना काफी मुश्किल भरा रहा। खासकर स्कूलों को पैदल आने वाले विद्यार्थियों को परेशानी हुई। वहीं कई विद्यार्थी खराब मौसम के बीच स्कूल नहीं जा पाए। शिक्षा विभाग के मुताबिक वीरवार को विद्यार्थियों की उपस्थिति 65 प्रतिशत के आसपास रही। हालांकि शुक्रवार को मौसम साफ होने पर विद्यार्थियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
जिले में प्रशासन के दिशानिर्देशानुसार 31 जनवरी तक स्कूल खुलने का समय सुबह 10 बजे का था लेकिन अब यह पहले की तरह सुबह नौ बजे का होगा। क्षेत्र में शीतलहर का प्रकोप भी अब कम हो चुका है। हालांकि अगर इसको लेकर विद्यार्थियों को कोई परेशानी होती है तो नई समयसारिणी को लेकर विचार किया जा सकता है। -देवेंद्र चंदेल, उपनिदेशक, जिला प्रारंभिक शिक्षा विभाग।