कम वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से मिलेगा छुटकारा
बिजली आपूर्ति में सुधार से ग्रामीणों में खुशी की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। विद्युत उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत पंचायत तनोह के सासन गांव में लंबे समय से बिजली की समस्या बनी हुई थी। विशेषकर कम वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की लगातार मांग और प्रयासों के फलस्वरूप अब गांव को 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर प्रदान किया गया है, जिसकी लागत लगभग पांच लाख रुपये है। इस ट्रांसफार्मर की स्थापना से न केवल सासन गांव, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु, स्थिर और पर्याप्त वोल्टेज के साथ सुनिश्चित हो गई है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों, किसानों और छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। अब विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई, कृषि कार्यों के लिए मोटर संचालन और व्यवसायिक गतिविधियां बिना किसी बाधा के संचालित हो सकेंगी। गांव के वरिष्ठ नागरिक अशोक कुमार, देव राज, धर्मवीर, विनोद शर्मा और राजेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रदेश सरकार का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सुविधा गांव के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि बीते कुछ महीनों से ट्रांसफार्मर की बार-बार खराबी और कम वोल्टेज के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और खेती-किसानी में काफी समस्याएं आ रही थीं, जिनका अब स्थायी समाधान हो गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। यह कार्य विभाग की ओर से समयबद्ध और समर्पित प्रयासों के माध्यम से संभव हो सका है। विद्युत बोर्ड के एसडीओ इंजीनियर उदित ठाकुर ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से लिया गया और उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए यह ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है।