ऊना। हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद के संस्थापक दिवंगत कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को ऊना में श्रद्धांजलि, अमोदिनी राशन वितरण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्यातिथि पद्मश्री विजय चोपड़ा रहे जबकि समारोह में ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक ओपी रत्न, मार्केट कमेटी ऊना के अध्यक्ष शिव कुमार सैणी, अमरजोत सिंह बेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में 44 पात्र विधवाओं को 99,000 रुपये का तीन माह का राशन दिया गया जबकि 27 मेधावी व जरूरतमंद विद्यार्थियों को 1,09,622 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कंवर हरिसिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। समारोह में परिषद सदस्य योगेश कौशल द्वारा प्रायोजित हिमोत्कर्ष मेधावी छात्र छात्रवृत्ति-2025 के अंतर्गत थानाकलां निवासी समीक्षा, पुत्री विपिन कुमार, जिसने नीट यूजी 2026 में अनुसूचित जाति वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर 449वीं रैंक प्राप्त की है, को 21,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।