पंडोगा में फुटबाल प्रतियोगिता के दौरान मैच से पहले आयोजकों के साथ टीमें। स्रोत आयोजक
- फोटो : संवाद
सीएफसी चतेहड़ ने एफसी नगनोली को 2-1 से दी मात
पंडोगा में फुटबाल प्रतियोगिता का आगाज, पहले दिन हुए अंडर-16 मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हरोली क्षेत्र की ग्राम पंचायत पंडोगा में 17वीं सिद्ध ग्वालवढ़ ओपन फुटबाल प्रतियोगिता का बुधवार से आगाज हो गया। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-16 वर्ग के चार मुकाबले हुए। इसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। प्रतियोगिता के पहले दिन मुख्य अतिथि के तौर पर समाजसेवी एवं कारोबारी रमन पाठक ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि खेलें युवाओं को बुरी आदतों से दूर रखने का सबसे कारगर हथियार है। इससे बच्चों की ऊर्जा अच्छे कार्यों में खर्च होती है और गलत आदतें उनसे कोसों दूर रहती हैं। अंडर-16 प्रतियोगिता का पहला मुकाबला एएफसी पंडोगा और अंजनी पुत्र क्लब खड्ड के बीच हुआ। इसमें एएफसी पंडोगा 3-0 के अंतर से विजयी रहा। दूसरा मुकाबला लायंस क्लब पंडोगा और सागर क्लब खड्ड के बीच खेला गया। यह मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोचक बना रहा। बराबरी पर छूटे इस मुकाबले में सागर क्लब खड्ड ने पेनल्टी शूटआउट में लायंस क्लब को मात दी। तीसरा मुकाबला गुग्गा जाहरवीर क्लब दौलतपुर और शुक्राना अकादमी खड्ड के बीच हुआ। इस मुकाबले में शुक्राना अकादमी ने 1-0 से विजय हासिल की। प्रतियोगिता का चौथा मुकाबला एफसी नगनोली और सीएफसी चतेहड़ के बीच खेला गया। इस मुकाबले में चतेहड़ की टीम से शानदार खेल दिखाते हुए 2-1 से जीत हासिल की। पांचवां मैच बाबा भरथरी क्लब खड्ड और एफसी गगरेट के बीच हुआ। इसमें बाबा भरथरी क्लब खड्ड पेनल्टी शूटआउट में विजयी रहा।
आज वरिष्ठ वर्ग के होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में वीरवार को वरिष्ठ वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला शिव शंकर पंजावर और हैप्पी वीनस क्लब दौलतपुर, दूसरा मैच शुक्राना अकादमी खड्ड और वाईएफसी सलोह के बीच होगा। तीसरा मुकाबला व्हाइट क्लब पंजावर और एएफसी अंबोटा के बीच खेला जाएगा। चौथा वाईएफसी खड्ड बनाम आरएफसी चरूड़ू, पांचवां साईं कांगड़ा बनाम जस्सी इलेवन, छठा शाह क्लब खड्ड और लायंस क्लब पंडोगा के बीच खेला जाएगा। इस अवसर पर आयोजन कमेटी से मुकेश राणा, दिनेश राणा, गुलविंदर गोल्डी, संजू सिंह, सोनी जैलदार, मनजीत सैनी, महेश कंग सहित अन्य मौजूद रहे।