विपिन ने बताया कि वह कमरे से निकलकर तेल डालने के लिए गया तो बाइक पर दो लड़के सवार थे। जैसे ही वह बाइक में तेल डालने लगा तो उनमें से एक लड़के ने अपनी पहनी हुई हुड के अंदर से दराट निकाला और उनके कमरे की तरफ भागा। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह भी आरोपी के पीछे कमरे की तरफ भागा। उस व्यक्ति ने कमरे में पहुंचते ही उसके दोनों साथियों लवली कुमार और मोहित कुमार पर दराट से हमला कर दिया। हमलावर का दूसरा साथी भी कमरे की तरफ आ रहा था, जिसने अपने हाथ में तलवार पकड़ रखी थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि दूसरे आरोपी को देखते ही उसने अंदर से कमरे की कुंडी लगा ली।
कमरे के अंदर वाले आरोपी ने उन तीनों पर दराट से हमला किया। हमले में उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं। उसके साथी लवली को हल्की चोट लगी। इस बीच बाहर मौजूद आरोपी ने तलवार से कमरे के दरवाजे में लगे शीशे को तोड़ दिया व कुंडी खोलकर अंदर आ गया। फिर दोनों आरोपियों ने उनके कैश मांगा। इस पर उन्होंने पेट्रोल पंप का कैश आरोपियों को दे दिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी उन तीनों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। आरोपी उनसे करीब 60,000 की नकदी लेकर मौका से भाग गए और जाते समय पेट्रोल पंप से बाहर हमारे फोन फेंक गए। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में पुलिस के हाथ अहम सबूत लगे हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वह लगातार टाहलीवाल पुलिस के संपर्क में हैं।