बिना दावा किए जमा राशि पर लगाया विशेष जागरूकता शिविर
वित्तीय दावों से संबंधित विस्तृत जानकारी लोगों को दी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भारत सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग और भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से शुरू किए गए देशव्यापी अभियान आपका पैसा, आपका अधिकार के तहत शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक में अनक्लेम्ड डिपॉजिट (बिना दावा जमा राशि) से संबंधित एक विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह अभियान 31 दिसंबर 2025 तक पूरे देश में चलाया जा रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब नेशनल बैंक के जिला अग्रणी प्रबंधक, संजीव कुमार सक्सेना ने की। उन्होंने लोगों को अनक्लेम्ड फंड के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि प्रदेश में 352.52 करोड़ रुपये की अनक्लेम्ड राशि में से अकेले ऊना जिले में विभिन्न बैंकों में लगभग 30.43 करोड़ रुपये डॉर्मेंट (असक्रिय) पड़े हैं। कहा कि यह अभियान न केवल नागरिकों को उनका अपना धन वापस दिलाने में सहायक है, बल्कि यह वित्तीय साक्षरता, पारदर्शिता और फाइनेंशियल इंक्लूजन को भी सुदृढ़ करता है। इस शिविर में ऊना जिले में कार्यरत कई प्रमुख बैंकों और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान डॉर्मेंट अकाउंट, अनक्लेम्ड बीमा राशि, परिपक्व फिक्स्ड डिपॉजिट, डिविडेंड और अन्य वित्तीय दावों से संबंधित विस्तृत जानकारी लोगों को दी गई।