कुटलैहड़ क्षेत्र में लोगों को संबोधित करते ग्रामीण पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर। संवाद
- फोटो : Una
ऊना। सैली से हंडोला तक 12.22 करोड़ रुपये और बोहरू से ओलिंडा तक 10.31 करोड़ रुपये से सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जल्द ही इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने दी। उन्होंने रविवार को ग्राम पंचायत चंगर के गांव कमून, हंडोला तथा जगातखाना में जनसमस्याएं सुनी।
उन्होंने बताया कि पौने पांच वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं। इन पेयजल योजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात रोजाना एक करोड़ लीटर पेयजल आपूर्ति की जाएगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इस कड़ी में समूर तथा चपलाह में निर्मित चेक डैमों से क्षेत्र की 9000 कनाल भूमि सिंचित होगी तथा इसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों व बागवानों को होगा। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए भविष्य में कुटलैहड़ क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।
इस मौके पर उन्होंने गांव वासियों की मांग पर कमून में सामुदायिक भवन व पेयजल टैंक बनाने तथा गांव जगातखाना के लिए बस सुविधा शुरू करने की घोषणा की। इस अवसर पर जिला परिषद के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान सुनील कुमार, मास्टर जय सिंह तथा दिलबर सिंह, चंगर पंचायत के प्रधान सुनील कुमार व उपप्रधान कुलबीर सिंह, पूर्व उप प्रधान सुखदेव सिंह, वार्ड सदस्य प्रकाश चंद, निर्मला देवी, निर्मल कौर, पूर्व प्रधान रणवीर सिंह, मास्टर जय सिंह, महिला मंडल प्रधान मीना कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।