विधायक ने अधिकारियों को मौके पर त्वरित कार्रवाई करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना) । कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने मंगलवार को बसाल स्थित जल शक्ति विभाग के कार्यालय में जनसमस्याएं सुनीं। लोगों ने सड़क, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली से संबंधित मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र इस समय आपदा की मार झेल रहा है। भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई सड़कें और मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिसके चलते लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सबसे पहले सड़कों और पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की दलदल की समस्या है, वहां शीघ्र नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा।