संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। रायपुर मैदान और पुरोइयां क्षेत्र के लोग पिछले 23 दिनों से बस सेवा बंद होने से परेशान हैं। एचआरटीसी की बसें केवल कोलका तक ही चल रही हैं। इसके आगे लोग मजबूरी में टैक्सी या पैदल यात्रा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों का स्कूल और कॉलेज जाना, कामकाजी लोगों का कार्यालय और बाजार जाना, तथा बुजुर्ग और महिलाओं का अस्पताल जाना प्रभावित हो रहा है। अब रायपुर मैदान से ऊना या बंगाणा जाने के लिए पहले टैक्सी और फिर बस लेना पड़ता है, जिससे समय और पैसे की बर्बादी हो रही है। जिला परिषद सदस्य कृष्णपाल शर्मा ने सरकार और परिवहन विभाग से बस सेवा तुरंत बहाल करने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संदीप गौतम ने कहा कि बड़े वाहनों के लिए रास्ता मौसम ठीक होने पर बनाया जाएगा।