पिंडी स्वरूप में विराजमान मां चिंतपूर्णी। फाइल फोटो
- फोटो : Una
अब वैष्णों देवी और चिंतपूर्णी जाने वाले श्रद्धालुओं को नहीं खाने पड़ेंगे हिचकोले
अमन वर्मा
ऊना। जिले में जल्द ही भरवाईं-चिंतपूर्णी-तलवाड़ा सड़क पर पंजाब वार्डर तक वाहन चालकों को सात मीटर चौड़ी इंटरमीडिएट लाइन की सुविधा मिलेगी। करीब 16.15 करोड़ की लागत से भरवाईं-चिंतपूर्णी तलवाड़ा सड़क चकाचक होगी। सेंटर रोड फंड योजना के तहत इंटरमीडिएट लाइन रोड बनने से जहां क्षेत्र के गांवों की जनता को लाभ मिलेगा। वहीं पठानकोट, जम्मू और वैष्णों देवी जाने वाले तथा पंजाब से चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उक्त सड़क को सिंगल लेन से इंटरमीडिएट लाइन में बदलने का कार्य जोरों पर चल रहा है। इसके लिए बाकायदा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने में जुटे हैं। मामले की पुष्टि लोक निर्माण विभाग के एसई एनपी सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि भरवाईं-चिंतपूर्णी-तलवाड़ा सड़क पर पंजाब सीमा तक 15 किलोमीटर की दूरी की सड़क को सिंगल लेन से अब इंटरमीडिएट लाइन में बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेंटर रोड फंड योजना के तहत करीब 16 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से भरवाईं-चिंतपूर्णी तलवाड़ा सड़क पर पंजाब सीमा तक सड़क बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सड़क का 85 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। एनपी सिंह ने बताया कि उक्त सड़क पर तीन से साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क की पक्की टारिंग तथा पक्की सड़क के अलावा दो मीटर कच्ची सड़क कुल साढ़े सात मीटर चौड़ी सड़क बनाई जा रही है।