सलोह में पेड़ लटके व्यक्ति के शव के पास एकत्रित लोग
- फोटो : Una
घर के समीप पेड़ से लटका मिला शव, सुसाइड नोट बरामद
हरोली (ऊना)। सलोह में एक व्यक्ति ने घर के समीप ही पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शव के पास सुसाइड नोट मिला है। जिस पर मृतक ने हस्ताक्षर हैं और उसने नोट में आत्महत्या के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रणजोध सिंह निवासी सलोह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी हाल में बीडीसी का चुनाव जीती है। जानकारी के अनुसार मृतक 26 जनवरी को अपने घरवालों को बिना बताए ही कहीं चला गया था। जिस पर उसके परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस के पास दर्ज भी करवाई थी। वहीं, वह देर शाम वापस अपने घर आ गया। इस सारे घटनाक्रम के एक दिन के बाद वीरवार को उसका शव गांव में उसके घर से लगभग 250 मीटर की दूरी पर ही पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही हरोली पुलिस थाना प्रभारी मनोज कुमार और पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार अपनी टीम सहित मौके पर पहुंच गए और शव को पेड़ से नीचे उताकर ऊना अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बारे में स्थानीय ग्राम पंचायत के उपप्रधान दविंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने जब गांव के कुछ लोगों को उसके दोबारा कहीं चले जाने बारे बताया तो गांव के मैदान में खेल रहे सभी युवकों ने उसे ढूंढने की कोशिश की। राह चलते लोगों से जब कोई जानकारी हासिल हुई तो उन्होंने उस क्षेत्र का रुख किया और युवक को पेड़ से लटका हुआ पाया। बताया जा रहा है कि मृतक फिलहाल खेती का कार्य कर रहा था। मृतक की लगभग 12.17 बजे स्थानीय व्यक्ति से मोबाइल पर बात भी हुई थी। इसकी पुष्टि करते हुए हरोली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि सलोह के रणजोध सिंह ने घर से लगभग 250 मीटर की दूरी पर जाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। इस बारे में मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई की जा रही है।