स्थानीय लोगों के कहा, कई बार की शिकायत, नहीं मिली राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर (ऊना)। कुठियाड़ी गांव के वार्ड नंबर-5 की सड़क की हालत बदतर होती जा रही है, लेकिन अभी तक लोक निर्माण विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सड़क पर गड्ढे बनने से आए दिन दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। गांव के निवासी दिनेश शर्मा, हरदेव भुट्टो, हरि कृष्ण और रॉबिन ठाकुर ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
गांव के प्रधान रघुबीर सिंह ने बताया कि ग्रामीण इस समस्या से बेहद परेशान हैं। यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अधीन आती है। हमने कई बार विभाग को इस संबंध में अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। इस मामले में जब लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सुखविंदर सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि सड़क के लिए टेंडर आवंटित कर दिया गया है और जल्द ही कुठियाड़ी से ठठल तक सड़क की टारिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग जल्द ही इस सड़क की मरम्मत करेगा, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और आवागमन सुचारु हो सके।