अंब(ऊना)। गोंदपुर बनेहड़ा बाजार में चार दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 35 वर्षीय महिला ने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान भाग देवी पत्नी कुलदीप निवासी गोंदपुर बनेहड़ा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, गत 29 सितंबर की दोपहर भाग देवी गोंदपुर बनेहड़ा बाजार में सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान वह सामने से आ रही एक कार के शीशे से टकराकर सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें दौलतपुर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। ऊना में भी तबीयत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर, एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।