ऊना। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को लोगों की मदद से उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत तनोह गांव के पास राजेंद्र कुमार पुत्र राम किशन निवासी गांव लठियाणी और जगदेव चंद पुत्र पींजू राम निवासी गांव बुढार तहसील बंगाणा बाइक पर जा रहे थे। तनोह बस स्टैंड के पास लठियाणी की ओर आ रहे बाइक चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। घायल राजेंद्र कुमार और जगदेव चंद को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरा हादसा ऊना-अंब रोड पर पेश आया।
यहां पिकअप ने बाइक चालक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल हुए बाइक चालक को उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल बाइक चालक की पहचान अशोक कुमार पुत्र सरवण सिंह निवासी गांव त्यूड़ी थाना ऊना के रूप में हुई है। एएसपी विनोद धीमान का कहना है कि पुलिस ने दोनों सड़क हादसों में घायल लोगों के बयान दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।