हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना (अनुसूचित जाति वर्ग) की संशोधित मेरिट सूची जारी कर दी है। इसमें ऊना जिले की छात्रा रोहाणी धीमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रपोह मिसरां की छात्रा रोहाणी ने 700 में से 698 अंक लेकर 99.71 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
निदेशालय की ओर से जारी सूची में प्रदेशभर के 1300 विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। इसमें ऊना जिले के विभिन्न क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों ने भी अपनी जगह बनाई है। अंब क्षेत्र की वंशिका जस्सल ने 692 अंक लेकर 98.86 प्रतिशत, सूरी की अंशिका ने 692 अंक लेकर 98.86 प्रतिशत और सनोली की भावना ने 690 अंक लेकर 98.57 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
इसी तरह बंगाणा क्षेत्र की आंचल कौंडल ने 690 अंक, पंडोगा की मान्यता ने 686 अंक, मन्हेरी की वंशिका ने 683 अंक, जोल क्षेत्र की महक ने 682 अंक और बेहलां की सविता कौंडल ने भी 682 अंक हासिल किए हैं। जिले के अन्य मेधावी विद्यार्थियों में लठियाणी की शिखा राज, हरोली की मन्नत बंसल और हरजिंदर कौर सहित कई विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं।
उपनिदेशक जिला उच्च शिक्षा विभाग अनिल कुमार तक्खी ने बताया कि डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सूची संबंधित शिक्षण संस्थानों के साथ साझा की है। योजना के तहत चयन में विद्यार्थियों की मेरिट को आधार बनाया गया है।