ऊना। शिक्षा विभाग ने अंडर-14 वर्ग के लड़के-लड़कियों की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के संशोधित कैलेंडर की अधिसूचना जारी कर दी है।
संशोधित कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय छात्रा वर्ग की प्रमुख व लघु खेल प्रतियोगिताएं दो से 23 सितंबर तक पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धमांदरी में आयोजित की जाएंगी। वहीं, जिला स्तरीय एथलेटिक्स और सांस्कृतिक कार्यक्रम लड़के-लड़कियों के संयुक्त वर्ग में 25 से 27 सितंबर तक इसी विद्यालय में होंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी संशोधित कैलेंडर के अनुसार छात्रा वर्ग में हॉकी, हैंडबाल, वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, बास्केटबाल, कुश्ती, टेबल टेनिस और जूडो की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इसके अलावा संयुक्त वर्ग में एथलेटिक्स के साथ शतरंज, योग, कुराश, ताइक्वांडो और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं।
शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक सोमलाल धीमान ऊना ने बताया कि जिले के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, उच्च विद्यालयों, माध्यमिक विद्यालयों और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों और प्रभारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा है।