ऊना। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला ऊना ने बुधवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में महासंघ के सेवानिवृत्त प्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया। इस समारोह में महासंघ के विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके 20 सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता महासंघ के वरिष्ठ उपप्रधान तारा सिंह ने की जबकि विभिन्न विभागों के कर्मचारी प्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने अनुभव और समर्पण से संगठन तथा समाज के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्य परायणता के साथ कार्य कर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ संगठन में भी पूर्ण समर्पण भाव से कार्य किया है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान समारोह उन कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है जो वर्षों तक संगठन में रहकर कर्मचारी हितों की पैरवी के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। समारोह में जिला प्रधान रह चुके रजनीश शर्मा, बंगाणा ब्लॉक के प्रधान प्रकाश चंद, हरोली ब्लॉक के प्रधान हरजिंद्र सिंह व महासचिव प्रेम सिंह जसवाल, गगरेट ब्लॉक से राज्य प्रतिनिधि नरेन्द्र कुमार व जिला प्रतिनिधि जगजीत सिंह, जिला प्रतिनिधि राजीव कुमार व राजकुमार, जिला उपप्रधान इन्दु बाला, जिला मुख्यालय शहरी इकाई के प्रतिनिधि अश्वनी शर्मा व रमन कुमार, अंब से जिला प्रतिनिधि अवतार सिंह व राजकुमार, संगठन सचिव ऊना रह चुके चमेल सिंह व गगरेट के मनोज कुमार को महासंघ की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रतिनिधि इंदु बाला, रमन कुमार और अश्वनी शर्मा ने महासंघ के सहयोग के लिए नकद राशि दान की।