बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की धनेत पंचायत के गांव कोकरा में बुधवार देर शाम एक व्यक्ति का रिहायशी मकान गिर गया। गनीमत यह रही कि उस समय घर के अंदर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा होने से टल गया।
कोकरा निवासी पवन कुमार पुत्र राज कुमार ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार सदस्यों का पालन पोषण कर रहे हैं। मंगलवार देर रात तथा बुधवार को हुई भारी बारिश के चलते उनका पुराना दो मंजिला रिहायशी मकान गिर गया है। वहीं पंचायत प्रधान विनोद कुमार का कहना है कि पवन कुमार गरीब परिवार से संबंध रखते हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित पटवारी को इसकी रिपोर्ट भेज दी गई है। उन्होंने उपमंडल बंगाणा प्रशासन तथा विधायक विवेक शर्मा से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का आग्रह किया।
इस संबंध में तहसीलदार बंगाणा अमित कुमार का कहना है कि मामला उनके ध्यान में आया है। संबंधित पटवारी व कानूनगो को इसकी रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार के सदस्यों को उचित सहायता राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।