चिंतपूर्णी/भरवाईं ऊना। आम लोगों के लिए प्रदेश की सीमाएं खुल जाने के साथ ही शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी राहतभरी खबर है। अब मां चिंतपूर्णी मंदिर में बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु थर्मल स्कैनिंग करवाने के बाद दर्शन कर सकेंगे। यह जानकारी डीसी ऊना संदीप कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। श्रद्धालु बिना पास के बाहरी राज्यों से हिमाचल प्रदेश में आ सकते हैं। कोविड-19 टेस्ट की अनिवार्यता भी अब खत्म कर दी गई है। उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि चिंतपूर्णी सदन में प्रत्येक श्रद्धालु की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची के साथ सोशल डिस्टेंस, मास्क लगाना जरूरी होगा। चिंतपूर्णी सदन में आने वाले श्रद्धालुओं को वेटिंग हाल में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ एकत्र किया जाएगा। भीड़ भाड़ की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए सदन, मंदिर, चिंतपूर्णी बाजार में सुरक्षा कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। वहीं, मंदिर अधिकारी ओपी लखनपाल ने बताया कि श्रद्धालु मंदिर में प्रसाद ले जा सकते हैं, लेकिन मंदिर में प्रसाद चढ़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालु प्रसाद को अपने हाथ में ही पकड़ कर दर्शन करने के बाद मंदिर परिसर से वापस अपने राज्यों का रुख कर सकते हैं। मंदिर अधिकारी ने अपील की है कि स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानों में सैनिटाइजर की व्यवस्था सुनिश्चित करेें। दुकानों में कर्मचारी व दुकानदार मास्क लगा कर काम करें।