19 अक्तूबर तक चलेगा महोत्सव, श्रीमद् देवी भागवत कथा, माता की चौकी और विशाल भंडारा होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
चकसराय (ऊना)। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को अंब तहसील के प्राचीन सिद्धपीठ मां कामाख्या देवी मंदिर, पोलियां पुरोहितां में नौ दिवसीय धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ हुआ। 19 अक्तूबर तक चलने वाले इस महोत्सव में श्रीमद् देवी भागवत कथा, मंगल कलश यात्रा, माता की चौकी और विशाल भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। मंदिर कमेटी ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंदिर कमेटी के प्रधान राकेश ठाकुर ने बताया कि 11 अक्तूबर को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ महोत्सव का आगाज होगा। मंदिर प्रवक्ता के अनुसार, यात्रा प्राचीन सिद्धपीठ मां कामाख्या देवी मंदिर से शुरू होकर नलोह, मैड़ी, लाहड़, कलोहा, सदवां, प्रागपुर, बलाहर, कालेश्वर, कुहना, चौली और रक्कड़ सहित क्षेत्र के प्रमुख गांवों से गुजरेगी। इसके बाद यात्रा मंदिर परिसर में संपन्न होगी।
12 से 19 अक्तूबर तक प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक श्रीमद् देवी भागवत कथा होगी। परम पूज्य अतुल कृष्ण जी महाराज कथा वाचन करेंगे। शाम सात से रात 10 बजे तक भजन-संकीर्तन होगा। कथा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।
16 अक्तूबर को रात नौ बजे माता की चौकी सजाई जाएगी। इसमें हिमाचली लोक कलाकार सुदर्शन सरगम माता के भजनों की प्रस्तुति देंगे। 19 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
मंदिर कमेटी के सदस्य मेहर सिंह राणा, करतार सिंह, शुभकरण, हरकृष्ण, ब्रिज मोहन, रमेश धीमान, महिंदर सिंह और बजिंदर सिंह तथा मां कामाख्या स्टोन क्रशर के कुलभूषण ठाकुर ने धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।
श्रद्धालुओं को मिलेगी निशुल्क वाहन की सुविधा
मंदिर कमेटी के प्रधान राकेश ठाकुर ने बताया कि दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सिकरो दा परोह और पोलियां पुरोहितां में माता के गेट से कथा स्थल तक आने-जाने के लिए निशुल्क वाहन उपलब्ध रहेंगे।