ऊना। जिला में गेहूं की बिजाई के लिए किसानों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मगर बिजाई में सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाली 12-32-16 खाद अभी गोदामों में खत्म है। ऐसे में किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। हालांकि इफको के अधिकारियों का कहना है कि दो दिन के भीतर सभी गोदामों में खाद की आपूर्ति हो जाएगी। इसके बाद किसान बिजाई कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार गेहूं की बिजाई को ध्यान में रखते हुए इफको ने खाद की नई आपूर्ति जारी कर दी है। मालगाड़ी के जरिए होशियारपुर में खाद पहुंचा चुकी है। वहां से बुधवार को खाद विभिन्न इलाकों के लिए वितरित की जाएगी। बताया जा रहा कि करीब 2500 टन खाद की खेप विभिन्न जिलों के लिए जारी हुई है। इसमें से 1,000 टन खाद केवल ऊना जिले के लिए आएगी।
मैदानी जिला होने के कारण यहां बड़े स्तर पर गेहूं की खेती होती है। इसे ध्यान में रखते हुए यहां अधिक मात्रा में खाद वितरित की जाएगी। किसान रविंद्र कुमार, विनोद सैनी, जतिंद्र सिंह, राजेंद्र कुमार ने कहा कि बोरी वाली 12-32-16 खाद का बिजाई के दौरान छिड़काव काफी लाभकारी होता है। इससे फसल अच्छे से अंकुरित हो पाती है।
ध्यान रहे कि इससे पहले आलू की बिजाई के लिए भी 12-32-16 खाद का बड़े स्तर पर इस्तेमाल हुआ है। इसे देखते हुए अगस्त के अंतिम दिनों में ही खाद गोदामों में पहुंचाई गई थी। इससे किसानों को फसल की बिजाई में कोई परेशानी नहीं आई।
किसान निश्चिंत रहें, 12-32-16 खाद की नई सप्लाई एक-दो दिन के भीतर सभी स्थानों पर पहुंच जाएगी। किसी प्रकार की परेशानी होने पर इफको पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। ऊना जिला के लिए 1000 टन खाद आएगी, जोकि किसानों की आवश्यकता के लिए पर्याप्त है। -माशूक अहमद, क्षेत्रीय प्रबंधक, इफको