जल शक्ति विभाग ने शुरू किया कार्य
गंदे पानी की निकासी के लिए बिछाए पाइप पुराने हो गए थे
मातृ शिशु अस्पताल को भी लाइन से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए जल शक्ति विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्रीय अस्पताल परिसर के समीप पाइप बिछाने के लिए खोदाई का कार्य शुरू हो गया है। साथ ही अस्पताल परिसर के समीप चैंबर बनाने का कार्य भी विभाग की तरफ से शुरू कर दिया गया है। इस कार्य को आगामी 15 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। जिले के सबसे बड़े क्षेत्रीय अस्पताल को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए कार्य शुरू हो गया है। बीते दिनों बारिश होने के चलते दो दिन कार्य बंद रहा था। इसे मौसम खुलने के साथ ही शुरू कर दिया गया है। अस्पताल में वर्तमान में सीवरेज लाइन न होने और गंदे पानी की निकासी के लिए बिछाए पाइप पुराने हो गए थे। ऐसे में कई बार अस्पताल में बनाए गए शौचालयों में पानी रुकने की समस्या सामने आती रहती थी। इससे अस्पताल प्रबंधन के साथ मरीजों और तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। इस समस्या को खत्म करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की तरफ से अस्पताल को सीवरेज लाइन से जोड़ने की मांग प्रशासन से उठाई गई थी। इस पर जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल का निरीक्षण कर रूपरेखा तैयार की थी। इस कार्य के लिए करीब 10 लाख का बजट खर्च किया जा रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल में कार्य पूरा होने के बाद मातृ-शिशु अस्पताल को भी सीवरेज की सुविधा से जोड़ा जाएगा। वर्तमान में क्षेत्रीय अस्पताल में सीवरेज लाइन को बिछाने के लिए जगह-जगह पर चैंबर बना दिए गए हैं। साथ ही पाइपें बिछाने के लिए खोदाई का कार्य किया जा रहा है। आगामी 15 दिन में इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्य के पूरा होते ही क्षेत्रीय अस्पताल सीवरेज लाइन से जुड़ जाएगा।
कोट्स
क्षेत्रीय अस्पताल को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए कार्य शुरू हो गया है। आगामी 15 दिन में कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए करीब 10 लाख का बजट खर्च किया जा रहा है। -डाॅ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना