ऊना। थाना हरोली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। ध्यान रहे कि मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल सात लोगों पर पीड़िता ने अलग-अलग आरोप लगाए।
दो लोगों पर धमकाने व समझौता करने को मजबूर करने और चार पर पीड़िता को पकड़कर आरोपी तक पहुंचाने के आरोप लगे हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने फिलहाल तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। रिमांड पर आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में कुछ और गिरफ्तारियां संभावित हैं।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि तीन अप्रैल 2026 को शाम करीब चार बजे वह अपनी बहन के साथ करियाना स्टोर पर खाने-पीने का सामान लेने गई थी। जब दोनों घर लौट रही थीं तो रास्ते में कुश निवासी खड्ड ने कथित तौर पर अपने तीन अन्य साथियों की मदद से पीड़िता को जबरन पकड़ लिया और पास ही बने ट्यूबवेल के कमरे में ले गया।
आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की और रात भर दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार चार अप्रैल 2026 को करीब दोपहर एक बजे वह कमरे से बाहर निकली। इस दौरान रास्ते में उसे खड्ड गांव के दो लोग मिले। बाद में जब पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे और मामले के बारे में जानकारी ली।
आरोप है कि उन दोनों ने कथित तौर पर उन्हें धमकाया और मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाया। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड हासिल की है।