ऊना। रामपुर बैली ब्रिज बंद होने से ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर बढ़ी परेशानी के बीच अब लोगों की आवाजाही बनाए रखने के लिए अस्थायी रास्ता बनाया गया है। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगा कर रामपुर खड्ड से अस्थायी मार्ग तैयार किया है। इससे ऊना से संतोषगढ़ आने जाने वाले आम लोगों सहित कर्मचारियों और विद्यार्थियों को कुछ हद तक राहत मिलेगी। इसके अलावा कुठार खुर्द से चंद्र कॉलोनी मार्ग को भी वैकल्पिक रास्ते के तौर पर इस्तेमाल में लाया जा रहा है। यह मार्ग आगे चलकर किला बाबा बेदी के गेट के पास मुख्य सड़क से जुड़ता है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वैकल्पिक सूचना बोर्ड लगाए गए हैं ताकि लोगों को आवाजाही में कोई दिक्कत न हो।
दूसरी ओर बैली ब्रिज के टेढ़ा होने के बाद से लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले भारी बारिश के चलते रामपुर पुल टूट गया था। इसके बाद से बैली ब्रिज बना कर अस्थायी व्यवस्था की गई। हैरानी की बता है कि तब से लेकर रामपुर अस्थायी पुल के सहारे चल रहा है। स्थानीय निवासी चरणजीत सिंह, राहुल, टिंकू् और राजेश ने कहा कि हैरानी की बात है तीन साल होने को आए और रामपुर खड्ड पर स्थायी पुल नहीं बन पाया है। अस्थायी व्यवस्था के सहारे आखिर कब तक रहेंगे। बैली ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के पीछे भी विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली बड़ा कारण रही है। लोगों ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के आलाधिकारी समय रहते भारी भरकम वाहनों की आवाजाही बैली ब्रिज से पूरी तरह से रोक देते तो आज लोग परेशान न हो रहे होते। लोक निर्माण विभाग ऊना के अधिशासी अभिंयता केएस ठाकुर ने बताया कि खड्ड से अस्थायी मार्ग बना दिया है। बैली ब्रिज की मरम्मत जल्द ही करवा दी जाएगी। भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती का कहना है कि पुल के मसले को कई बार विस में उठा चुके हैं। सरकार से लेकर सरकारी तंत्र जनहित के लिए कोई भी उचित कदम नहीं उठा पाए हैं।