ऊना। राष्ट्रीय दलित मानवाधिकार अभियान के राज्य महासचिव राज महे ने शनिवार को उपायुक्त को तीन सामाजिक समस्याओं को लेकर ज्ञापन पत्र सौंपा। राज महे ने बताया कि पशुशाला गिरने से प्रीतम चंद काे पांच लाख का नुकसान हुआ है और मौके पर आए पटवारी ने कहा था कि फौरी राहत भी मिल जाएगी, जो अभी तक नहीं मिल पाई है। वहीं जोल के हारसा जिन्दोड़ा के कच्चे रास्ते को पक्का करने की मांग भी जस की तस है। इस गांव में रमेश चंद (पंजाब रेजिमेंट और डिफेंस सिक्योरिटी कोर से सेवानिवृत्त) के रिहायशी मकान से लेकर करीब 200 मीटर पीछे तक जोल मुख्य सड़क स्कूल से पक्का रास्ता बना हुआ है, पर उसके घर के बाहर 250 मीटर रास्ता कच्चा ही छोड़ दिया गया है। गांव के करीब 25 से ज्यादा घर इस रास्ते से जुड़े हुए है। इस रास्ते के बारे में विधायक सुदर्शन बबलू ने अपनी विधायक निधि से एक लाख रुपये तो दिए हैं, जो पर्याप्त नहीं है, इस पैसों से मात्र 25 मीटर तक ही रास्ता बन पाएगा। अधिक सहायता देने की उपायुक्त से गुहार लगाई गई। संवाद