विधायक राकेश कालिया ने होनहार विद्यार्थियों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर (मल्ला दा पिड) में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह शनिवार को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्यातिथि गगरेट के विधायक राकेश कालिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य जसविंदर कौर ने की। उन्होंने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की उपलब्धियों से अवगत करवाया। बताया कि विद्यालय ने शैक्षणिक, खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नाटी, पंजाबी गिद्दा, भंगड़ा, राजस्थानी नृत्य और नाटिका आदि शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों के जोश और प्रतिभा की सभी ने सराहना की। मुख्य अतिथि राकेश कालिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की दिशा तय करती है। इसलिए विद्यार्थी बुरी संगत का त्याग कर कड़ी मेहनत करें। विधायक ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने व अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की प्रेरणा दी। राकेश कालिया ने स्कूल में शेड निर्माण के लिए दो लाख, स्कूल के निर्माण कार्य के लिए एक लाख, रायपुर पंचायत को विकास कार्यों के लिए तीन लाख व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए बच्चों को 5000 की प्रोत्साहन राशि देने का एलान किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान मनदीप कौर, पंचायत प्रधान मीना कुमारी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुरेंद्र कंवर, उप प्रधान नवल राणा, निजी सचिव नरेश वर्धन, अरुण ठाकुर, संजीव रतन, मास्टर गुरबचन सिंह, बलदेव सिंह,बल्लू , मास्टर जगदीश, अभिषेक, बलवंत सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।