जलशक्ति विभाग को 4.12 करोड़, बिजली बोर्ड को सवा एक करोड़ का नुकसान
बंगाणा में तीन और अंब में दो पेयजल योजनाएं प्रभावित, सिंचाई योजनाओं में घुसी गाद
बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से कई इलाकों में पसरा अंधेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में बुधवार को हुई भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जिले को अब तक लगभग 30.32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान जल शक्ति विभाग को हुआ है, जिसे 25.94 करोड़ की क्षति पहुंची है। पेयजल योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। विभाग की बंगाणा में तीन और अंब में दो योजनाएं बंद हो गईं हैं, जिनकी बहाली का कार्य तेज़ी से चल रहा है। बिजली बोर्ड को भी लगभग 1.25 करोड़ का नुकसान हुआ है। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है और टीमों की ओर से बहाली का काम किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग को 4.12 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। जगह-जगह पर भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिन्हें खोलने के लिए मशीनरी तैनात की गई है।
बारिश से लोगों की संपत्ति भी प्रभावित हुई है
एक पक्का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त : 50 हजार का नुकसान
आठ कच्चे मकान क्षतिग्रस्त : 2.5 लाख रुपये का नुकसान
11 पशुशालाएं ध्वस्त : 2.5 लाख रुपये का नुकसान
शिक्षा विभाग के दो स्कूल जलमग्न : 19 लाख का नुकसान
प्रशासन ने बताया कि मानसून सीजन के दौरान अब तक जिले में कुल मिलाकर लगभग डेढ़ अरब रुपये का नुकसान आंका गया है। हालांकि, नुकसान का विस्तृत ब्योरा अभी और तैयार किया जा रहा है।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि बुधवार को हुई बारिश से जिला को 30.32 करोड़ का नुकसान हुआ है। जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाएं और सिंचाई परियोजनाएं प्रभावित हुई हैं। बिजली आपूर्ति को बहाल करने और पेयजल स्कीमों को चालू करने के लिए विभागों की टीमें पूरी मुस्तैदी से कार्यरत हैं।