चकसराय (ऊना)। चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुरुडू रेलवे स्टेशन के पास विभाग की ओर से बनाई गई वर्षाशालिका लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। यात्रियों को तपती धूप और बारिश से राहत देने के उद्देश्य से बनाई गई यह वर्षाशालिका खुद ही बदहाली का शिकार बनी हुई है। वर्षाशालिका के अंदर कूड़ा-कचरा पड़ा हुआ है और चारों तरफ बड़ी-बड़ी घास तथा झाड़ियां उग गई हैं। झाड़ियां वर्षाशालिका के अंदर तक फैल रही हैं। हालत यह है कि लोगों के लिए इसके अंदर जाना तक मुश्किल हो गया है।
चुरुडू क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीण बसों से आवागमन करते हैं। बारिश या तेज धूप के दौरान बस का इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए वर्षाशालिका ही सुरक्षित स्थान हो सकती है लेकिन साफ-सफाई के अभाव में लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। बारिश के समय विद्यार्थियों और यात्रियों को मजबूरन आसपास की दुकानों में खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर वर्षाशालिका की हालत सुधारने की मांग की है।
वर्षाशालिका का निर्माण यात्रियों की सुविधा के लिए किया गया है लेकिन लंबे समय से इसकी साफ-सफाई नहीं होने के कारण इसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को होती है। विभाग को जल्द इसकी सफाई करवानी चाहिए।
-शाम सुंदर, निवासी चुरुडू
-
चुरुडू रेलवे स्टेशन और राष्ट्रीय राजमार्ग के कारण इस स्थान पर दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। वर्षाशालिका होने के बावजूद यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। संबंधित विभाग से मांग है कि वर्षाशालिका का निरीक्षण करवाकर झाड़ियों और कूड़े-कचरे को हटाया जाए तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए।
-अयूब खान, निवासी चुरुडू