ऊना। आभा आईडी कार्ड बनाने के बावजूद अस्पतालों में पर्ची बनाने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। लोग भारत सरकार की ओर से शुरू की गई इस सुविधा का लाभ उठाते नजर नहीं आ रहे हैं। आभा आईडी कार्ड से पर्ची बनाने की सुविधा लोगों को प्रदान की गई है।
इसके माध्यम से उपचार करवाने के लिए अस्पताल में पहुंच रहे मरीज पर्ची काउंटर में लाइनों के झंझट से निजात पाने के लिए घर बैठकर ही आभा आईडी कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन तरीके से पर्ची बना सकते हैं।
अभी भी जागरूकता के अभाव में लोग अस्पतालों में पर्ची काउंटर के बाहर कतारों में घंटों खड़े होकर अपनी पर्ची बनाने के लिए इंतजार करते नजर आए। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संजय मनकोटिया का कहना है कि सरकार के निर्देशों के तहत विभाग ने आभा आईडी कार्ड के माध्यम से घर बैठे ही उपचार करवाने से पहले पर्ची बनाने की सुविधा प्रदान की है।
फिर भी लोग जागरूकता के अभाव में इस सुविधा का लाभ उठाते नजर नहीं आ रहे हैं। बात करें तो जिला में क्षेत्रीय अस्पताल से लेकर सिविल अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आभा आईडी कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य 70 फीसदी पूरा हुआ है। बाकी इस दिशा में कार्य जारी है।