मैहतपुर (ऊना)। लॉकडाउन के दूसरे चरण के बाद हिमाचल की सीमाओं पर पुलिस की मुस्तैदी और ज्यादा बढ़ गई है। इसके बावजूद दूसरों राज्यों से लोग अभी भी हिमाचल में दाखिल होने से बाज नहीं आ रहे हैं। बुधवार को कर्फ्यू के दौरान अन्य राज्यों से हिमाचल में दाखिल हो रहे 9 लोगों को मैहतपुर पुलिस ने पकड़ा है, और उन्हें धुसाड़ा में 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है।
लॉकडाउन के चलते बिना वजह वाहनों पर घूमने के चलते मैहतपुर पुलिस ने 8 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। कर्फ्यू के दौरान सुबह खरीदारी के लिए मिलने वाली राहत के दौरान सामाजिक दूरी की अनुपालना न करने को लेकर एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक लॉकडाउन के दूसरे चरण में 20 अप्रैल तक एक सप्ताह के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती और बढ़ा दी है। बुधवार को अन्य राज्यों से हिमाचल सीमा में दाखिल होने पर नौ लोगों को धुसाड़ा के क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है।
राहत के दौरान वाहन चलाने की इजाजत न होने के बावजूद कुछ लोग खरीदारी के समय दुपहिया वाहन लेकर आ रहे हैं तथा कुछ लोगों को बिना किसी काम के बाइक पर बाजार में आने के चलते उनके बाइक जब्त कर लिए गए। मैहतपुर बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग की अवहेलना के कारण एक व्यक्ति विजय कुमार खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
करनाल से पैदल मैहतपुर पहुंचा सलोह का व्यक्ति
हरियाणा के करनाल से पैदल चलकर मैहतपुर पहुंचे एक व्यक्ति शिवकुमार को प्रवेशद्वार मैहतपुर में दाखिल होते ही क्वारंटीन कर दिया गया। उसे 14 दिन के लिए धुसाड़ा सेंटर भेजा गया है। शिव कुमार चार पांच दिनों से पैदल चलकर मंगलवार शाम को मैहतपुर पहुंचा।
सलोह के रहने वाले शिवकुमार को अब 14 दिन के लिए धुसाड़ा ही रहना होगा। एसपी डॉ. के गोकुलचंद्रन के मुताबिक दूसरे राज्यों से आने वाले किसी भी व्यक्ति को हिमाचल में घुसने की इजाजत नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को क्वारंटीन करके उनके वाहनों को जब्त किया जा रहा है।