माता चिंतपूर्णी के विस्तारीकरण कार्य केदौरान दुकानों को गिराने का क्रम शुरू। संवाद
भरवाईं (ऊना)। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर के विस्तारीकरण को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षित कार्य अब धरातल पर उतर आया है। मंदिर को भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के उद्देश्य से तैयार मास्टर प्लान के तहत लोक निर्माण विभाग ने मंदिर मार्ग पर स्थित करीब 30 पुरानी दुकानों को तोड़ने की प्रक्रिया बुधवार से शुरू कर दी है। दुकानों को तोड़ने का कार्य मंदिर न्यास और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मौजूदगी में कड़ी निगरानी के बीच आरंभ हुआ। मंदिर न्यास की ओर से एसडीओ राजकुमार जसवाल और जेई विशाल मौके पर उपस्थित रहे जबकि पीडब्ल्यूडी की ओर से जेई अनुराधा सहित अन्य तकनीकी अधिकारी भी कार्य की मॉनिटरिंग करते नजर आए। प्रशासन ने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया है पीडब्ल्यूडी द्वारा हाल ही में दुकाने तोड़ने का ठेका रामधन शर्मा को अलॉट किया गया था। ठेका मिलने के बाद ठेकेदार ने अपनी टीम और आवश्यक मशीनरी के साथ काम शुरू कर दिया। विस्तारीकरण के पहले चरण में उन संरचनाओं को हटाया जा रहा है। जो मास्टर प्लान के क्रियान्वयन में बाधा बन रही थी। मंदिर मार्ग से पुरानी दुकानों के हटने के बाद परिसर में पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध होगा। इससे मुख्य मार्ग चौड़ा होगा, भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा और श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक सुगम बन सकेगी। विस्तारीकरण योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं, सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था और बेहतर बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा। मंदिर प्रशासन का उद्देश्य है कि आने वाले समय में यहां पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाएं ताकि आस्था के इस पावन स्थल पर दर्शन का अनुभव और भी सुगम व सुखद बन सके।