आशु पुरी की हत्या के आरोपी के परिजन पुलिस अधीक्षक से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। आशु पुरी गोलीकांड मामले में आरोपी परजिंद्र सिंह के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक ऊना से मुलाकात की और दूसरे गुट के युवकों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। परजिंद्र सिंह की पत्नी मंदीप कौर ने बताया कि उसके पति और भाई के साथ तेजधार हथियारों से बुरी तरह मारपीट की गई थी, जिसके बाद वे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। मंदीप कौर ने कहा कि उनका पति और भाई पिछले 10 दिन से उपचाराधीन हैं और इस बीच पुलिस ने मामले में गुरजीत मान को गिरफ्तार किया है। हालांकि, हत्या का मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस वारदात के समय हमले करने वाले आशु पुरी के दोस्तों को गिरफ्तार करने में असफल रही है।
कुलवंत सिंह, जगतार सिंह, हरमिंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, सोहन सिंह, रंजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह समेत अन्य परिजनों ने कहा कि लालसिंगी क्षेत्र में हुई इस वारदात में पुरजिंद्र और परविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरजीत मान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया, लेकिन बाकी आरोपी अभी भी फरार हैं। उनका कहना है कि पुलिस को मामले में निष्पक्ष जांच करनी चाहिए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए। साथ ही, हमलावरों के पास से हथियार भी जब्त किए जाने चाहिए।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि आशु पुरी और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में छह आरोपी अभी भी फरार हैं, लेकिन पुलिस को उनके बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।