महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास महासभा के प्रदेशाध्यक्ष के समर्थन में एकत्रित कई संगठन ने किया प्रदर्शन
श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स, भीम आर्मी आदि संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के धर्मपुर गांव के स्वर्ण जाति के युवक की ओर से जातिसूचक शब्द कहने के बाद पुलिस के सुपुर्द किए जाने के मामले में विभिन्न संगठनों के विरोध के बाद अब अनुसूचित जाति संगठन भी सड़कों पर उग्र हो गए हैं।
महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास महासभा हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष अमित वाल्मीकि सहित परिवार व छह साथियों के खिलाफ दर्ज केसों को झूठा बताते हुए उन्हें केस वापस लेने की विभिन्न अनुसूचित जाति संगठनों ने मांग की। वहीं, उन्होंने जातिसूचक शब्द कहने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। वीरवार को ऊना के एमसी पार्क में पुलिस दलबल की तैनाती के बीच यहां विभिन्न संगठन जुटे और प्रदर्शन किया। श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स पंजाब के अध्यक्ष जस्सी तलहन, मनीष पॉल प्रधान दुआबा, बेगमपुरा टाइगर फोर्स नवांशहर से सुखदेव सिंह, भीम आर्मी पंजाब के अध्यक्ष हितेश माही, डेरा बल्लां जालंधर बाबा सुखदेव सुक्खी सहित भारज आदि विभिन्न महर्षि वाल्मीकि एवं गुरु रविदास संगठनों के पदाधिकारी जुटे। सभी ने संयुक्त रूप से एमसी पार्क ऊना से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक प्रदेश सरकार एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त ऊना को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान उन्होंने झूठे केस वापस न लेने पर एक सप्ताह बाद पंजाब एवं हिमाचल बंद करने की चेतावनी भी सरकार एवं प्रशासन को दी। श्री गुरु रविदास टाइगर फोर्स के अध्यक्ष जस्सी तलहन ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज सभी धर्मों का सम्मान करता है। किसी भी धर्म या जाति के खिलाफ अभद्रता का भाव नहीं रखता, लेकिन जिस प्रकार धर्मपुर निवासी स्वर्ण परिवार से संबंधित युवक ने जातिसूचक शब्द कहकर अनुसूचित जाति समाज की भावनाओं को आहत किया है। वह निंदनीय और विरोध योग्य है। जब पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं किया तो अमित वाल्मीकि की ओर से पुलिस के सुपुर्द किया गया। लेकिन आरोपी को गिरफ्तार करने की बजाय उल्टा एससी समाज के लोगों पर केस दर्ज कर दिए गए। इसी के चलते संगठनों ने विरोध स्वरूप वीरवार को एमसी पार्क में रोष प्रदर्शन किया है। अगर सरकार एवं प्रशासन ने सात दिन इन में झूठे केसों को वापस न लिया, तो पंजाब व हिमाचल बंद का आह्वान किया जाएगा। वहीं, भीम आर्मी पंजाब के प्रदेशाध्यक्ष हितेश माही ने कहा कि झूठे केस वापस न होने पर भीम आर्मी प्रमुख सांसद चंद्रशेखर आजाद भी यहां आकर विरोध दर्ज करेंगे।
उधर, उपायुक्त जतिन लाल व पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने ज्ञापन लेने के बाद सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं, मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मनीष पाल, सुखदेव सिंह बेगमपुरा टाइगर फोर्स नवांशहर, गौरव वाल्मीकि, भारज अकाल सिंह, जंगबाज, खड़क सिंह, बाज सिंह, सुच्चा सिंह आजाद, अश्वनी सहोता, भवादस भारत, अश्वनी आशु दगौड़, मोहन लाल भटोया, जगु रासूलपुरी, चरणप्रीत चन्नी, सुच्चा सिंह आजाद, डॉ. अजय मल, अधिवक्ता नरेश कुमार, बलराम कुमार, सरदार चंचल सिंह, सरदार अच्छर सिंह आदि सहित सैकड़ों मौजूद रहे।
उपायुक्त कार्यलय के बाहर जातिसूचक मामले को लेकर प्रदर्शन करते विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी।सं