नंगल। पंजाब रोडवेज पनबस और पीआरटीसी अनुबंध वर्कर यूनियन की पंजाब इकाई की तरफ से वीरवार को नंगल में पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार पनबस और पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट वर्कर यूनियन की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की और कोई ध्यान नहीं दे रही। इस मौके पर यूनियन नेता लखवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश की आम आदमी पार्टी की सरकार अस्थाई कर्मचारियों को नियमित करने, रोडवेज के बेड़े में नई बसों को लाने, नए परमिट लेने, फिर से टाइम टेबल बनाने, कर्मचारियों को पूरा वेतन जारी करने के साथ-साथ वेतन में वृद्धि करने की और कोई प्रयास नहीं कर रही। इससे कर्मचारियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। आलम यह है कि पंजाब रोडवेज के हालात हर दिन बदतर होते जा रहे हैं। प्रदेश सरकार पहले कर्मचारियों से बैठक कर उनकी मांगे मान लेती है लेकिन मानी हुई मांगों को पूरा नहीं करती है। कर्मचारियों को दिन रात की मेहनत के बावजूद बहुत कम वेतन मिल रहा है जिससे घर का गुजारा होना मुश्किल है। कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर छह नवंबर तक उन्हें वेतन जारी नहीं हुआ तो नौ नवंबर से वेतन नहीं तो काम नहीं का नारा देते हुए प्रदेश भर में बसों का चक्का जाम किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री घरों के समक्ष धरना प्रदर्शन किया जाएगा।