ऊना में नई शिक्षा नीति के विरोध में प्रदर्शन करते शिक्षक।
- फोटो : Una
ऊना। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी ने एमसी पार्क ऊना में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कहा कि उन्हें नई शिक्षा नीति से समस्याएं होंगी। इस संबंध में संघ ने जिलाध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल को ज्ञापन सौंपा।
विनोद शर्मा ने कहा है कि नई शिक्षा नीति के तहत प्राथमिक शिक्षकों से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। नए क्लस्टर बनाते समय केवल मात्र प्रधानाचार्य के पदों का सशक्तीकरण किया गया जबकि वे प्राथमिक ढांचे से पूर्णतया अनभिज्ञ हैं। प्राथमिक विद्यालय स्वयं क्लस्टर के रूप में पहले से ही बढ़िया ढंग से कार्य कर रहे हैं। इन्हीं क्लस्टरों को और सशक्त करने की आवश्यकता है। भविष्य में नई शिक्षा नीति लागू करते समय अगर प्राथमिक शिक्षक संघ को विश्वास में नहीं लिया तो वे धरने प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों का पूर्ण दरकिनार किया गया है। जो नई कमेटी गठित की गई है, उसमें प्रधानाचार्य ही क्लस्टर हेड बनाए गए हैं। अगर देखा जाए तो प्राथमिक शिक्षा से संबंधित प्रशिक्षण के आधार पर प्राथमिक शिक्षक ही प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्य में सक्षम हैं। प्रधानाचार्य का प्राथमिक शिक्षा के प्रति अनुभव न के बराबर है। इस मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए प्राथमिक शिक्षकों को अवश्य विश्वास में लिया जाए।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वजीत सिंह राणा, राज्य प्रवक्ता महेश शारदा, जिला महासचिव राकेश चंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष पंकज ठाकुर, कपिल शर्मा, जगदेव सिंह जग्गी, मनोज राणा, महेश कुमार शर्मा, विजय शर्मा, कुलदीप कंग, राजीव शर्मा, राजकुमार, रंजना शर्मा, निधि, सरोज, सुखवर्षा शर्मा, राजीव बेदी सहित अनेकों अध्यापक उपस्थित रहे।