ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में स्थायी सोनोलॉजिस्ट की तैनाती की उम्मीद जगी है। अस्पताल प्रबंधन ने रिक्त चल रहे सोनोलॉजिस्ट के पद को भरने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है। लंबे समय से सोनोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने के कारण अस्पताल में सप्ताह में केवल एक दिन ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल पा रही है। इसका सबसे अधिक खामियाजा गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्हें जांच के लिए निर्धारित दिन का इंतजार करना पड़ता है या फिर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
नागरिक अस्पताल अंब में प्रतिदिन गायनी ओपीडी में औसतन 60 के करीब महिलाएं जांच और उपचार के लिए पहुंचती हैं। इनमें गर्भवती महिलाएं भी शामिल होती हैं जिन्हें गर्भावस्था के दौरान अलग-अलग चरणों में अल्ट्रासाउंड करवाने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अस्पताल में स्थाई सोनोलॉजिस्ट की सुविधा नहीं होने से महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सप्ताह में एक दिन अल्ट्रासाउंड होने से उस दिन मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। कई बार महिलाओं को अपनी जांच के लिए इंतजार भी करना पड़ता है। अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट का पद लंबे समय से खाली चल रहा है। इस समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने स्थायी तैनाती के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा है। अब विभाग की ओर से नियुक्ति को लेकर आगामी निर्णय लिया जाना है।
अंब अस्पताल में स्थायी तौर पर सोनोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग पर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। तैनाती के बाद अस्पताल में सुचारु रूप से अल्ट्रसाउंड की सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
-डॉ. राहुल कतना, खंड चिकित्सा अधिकारी अंब