ऊना। प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ के प्रधान रमेश कुमार मेहरा ने सुक्खू सरकार से मांग उठाई कि पंचायती राज चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले शिक्षा विभाग में लंबित सभी पदोन्नति सूचियां जारी की जाएं और अनुबंध शिक्षकों का नियमितीकरण शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।
रमेश कुमार मेहरा ने बताया कि वर्तमान में करीब 749 टीजीटी प्रवक्ता पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि विलंब के कारण कई शिक्षक टीजीटी पद पर ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। टीजीटी और प्रमोट प्रवक्ताओं से हेडमास्टर के लगभग 700 पदों पर पदोन्नति अप्रैल तक अपेक्षित है।
वहीं 779 प्रमोट प्रिंसिपलों को अभी तक स्टेशन आवंटित नहीं किया गया है। इनमें 512 हेडमास्टर और 267 प्रवक्ता अपने वर्तमान स्कूलों में ही कार्यरत हैं, जिन्हें पदनाम तो मिल गया है लेकिन पदस्थापना नहीं हुई है। उन्हाेंने कहा कि 31 मार्च को बड़ी संख्या में शिक्षक सेवानिवृत्त होने वाले हैं, जिससे कई शिक्षकों को प्रधानाचार्य पद पर कार्य करने का अवसर नहीं मिल पाएगा।
संघ की जिला इकाई ने प्रदेश सरकार से मांग उठाई कि सीबीएसई प्रतिनिधित्व परीक्षा से पहले पदोन्नतियां पूरी की जाएं, लंबित पैनलों को एकमुश्त मंजूरी दी जाए और पात्र अनुबंध शिक्षकों का आचार संहिता से पूर्व नियमितीकरण किया जाए। इस मौके पर उनके साथ सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बलवीर सिंह मनकोटिया, उप प्रधान सतीश कुमार, अजय कंवर, हरदीप सिंह और सचिव अनिल कुमार और अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।